खैरा में सनसनी: बेंगलुरु से ससुराल आई महिला का संदिग्ध हालात में शव बरामद
खैरा (जमुई)

खैरा (जमुई)
खैरा प्रखंड के गरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करवाटाड़ मांझी टोला में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बेंगलुरु से अपने ससुराल आई एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतका बीते कुछ दिनों से लापता बताई जा रही थी।

परिजनों के अनुसार महिला बहुभोज कार्यक्रम के दिन अचानक घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार को गांव के पास शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है।
फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, परिजनों ने मामले में संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

👉 पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।




