खैरा थाना में एसपी ने किया गुंडा परेड, आरोपियों को दी सख्त नसीहत
संवाददाता:- सागर अंसारी ,गढ़ी

खैरा (जमुई): रविवार को खैरा एवं गरही थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में गुंडा परेड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके, जेल जा चुके तथा वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहे सैकड़ों लोगों को थाना परिसर में बुलाया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसपी ने सभी आरोपियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों। उन्होंने सभी को ईमानदारी से मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन करने की सलाह दी।
एसपी ने उपस्थित लोगों से उनके वर्तमान रोजगार के बारे में भी जानकारी ली। इस पर कई लोगों ने बताया कि वे खेती, व्यवसाय या अन्य कार्यों में लगे हुए हैं, जबकि कुछ लोग रोजगार
के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं।
उन्होंने न्यायालय का सम्मान करने और समय पर तारीख पर उपस्थित होने की भी अपील की, ताकि मामलों का जल्द निपटारा हो सके।
इस दौरान कुछ लोगों ने अपनी सफाई भी पेश की। कुछ ने खुद को झूठे मामलों में फंसाए जाने की बात कही, वहीं कुछ ने बताया कि वे अनजाने में ऐसे लोगों के साथ थे जिनके पास हथियार था।

इसी क्रम में गरही थाना में भी थाना अध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा के नेतृत्व में एसपी के निर्देश पर गुंडा परेड का आयोजन किया गया, जहां आरोपियों को भविष्य में अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में एसपी ने सभी को दोबारा सचेत करते हुए कहा कि वे गलत रास्तों से दूर रहें और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाये!




