खैरा प्रखंड में पैक्स अध्यक्ष चुनाव को लेकर नामांकन शुरू, चार पंचायतों से 9 उम्मीदवारों का पर्चा दाखिल
पैक्स अध्यक्ष चुनाव नामांकन शुरू

खैरा प्रखंड कार्यालय में पैक्स अध्यक्ष चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन चार पंचायतों के लिए अध्यक्ष पद के कुल 9 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

21 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से हरनी, जीत झिंगोई, विशनपुर एवं भीमाईन पंचायतों के लिए नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। उल्लेखनीय है कि पूर्व में निर्धारित चुनावी अवधि पूर्ण नहीं होने के कारण इन चार पंचायतों में पैक्स चुनाव स्थगित कर दिया गया था। अब इन पंचायतों के लिए पुनः नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो 22 जनवरी तक चलेगी।

पहले दिन हरनी पंचायत से राधेश्याम ताती, प्रकाश रजक, सुभाष कुमार ताती एवं मनोज ताती ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। वहीं जीत झिंगोई पंचायत से बबली कुमारी और अजीत कुमार ने अपना पर्चा दाखिल किया।
भीमाईन पंचायत से विकास कुमार तथा विशनपुर पंचायत से प्रभु यादव एवं शैलेश कुमार सिंह ने खैरा प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया।

प्रखंड निर्वाचक पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शेखर सुमन एवं सहायक निर्वाचक पदाधिकारी सह प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी गोपाल कुमार ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि 22 जनवरी निर्धारित है। उन्होंने जानकारी दी कि पैक्स चुनाव 6 फरवरी को संपन्न होगा तथा कार्यकारिणी समिति में कुल 11 सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।
नामांकन के दौरान कई प्रत्याशी समर्थकों के साथ ढोल-बाजे के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे। इस अवसर पर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल और उत्साह देखने को मिला।




