जमुई में रात्रि प्रहरियों का फूटा आक्रोश, महीनों से लंबित वेतन को लेकर समाहरणालय पहुंचे
जमुई ,अंश भारत TV / न्यूज़ पोर्टल

जमुई: जिले में कार्यरत रात्रि प्रहरियों का मानदेय लंबे समय से लंबित रहने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। महीनों से वेतन नहीं मिलने से रात्रि प्रहरी और उनके परिवार गंभीर संकट से गुजर रहे हैं। इसी समस्या को लेकर बुधवार को दर्जनों रात्रि प्रहरी समाहरणालय पहुंचे और जिला पदाधिकारी (डीएम) नवीन एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) दयाशंकर को लिखित आवेदन सौंपकर लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।

रात्रि प्रहरियों का कहना है कि लगातार मानदेय नहीं मिलने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। बच्चों की पढ़ाई, इलाज और घर-परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। कई परिवार भुखमरी की स्थिति तक पहुंच गए हैं।

संगठन के नेतृत्व में पहुंचे रात्रि प्रहरी
रात्रि प्रहरी संगठन के जिला अध्यक्ष सुजीत कुमार मिश्र के नेतृत्व में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे सभी रात्रि प्रहरी समाहरणालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मिलकर वर्षों से लंबित मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग रखी।
जिला अध्यक्ष सुजीत कुमार मिश्र ने बताया कि जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में वर्षों से कार्यरत रात्रि प्रहरियों को नियमित रूप से मानदेय नहीं दिया जा रहा है। कई-कई महीनों से भुगतान लंबित है, जिससे उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समस्या को लेकर संबंधित कार्यालयों में कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
“समय पर वेतन न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण”
रात्रि प्रहरी संगठन के प्रतिनिधि संतोष कुमार और सागर अंसारी सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि रात्रि प्रहरी विद्यालयों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रातभर जिम्मेदारी निभाने के बावजूद समय पर वेतन न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे रात्रि प्रहरियों का मनोबल टूट रहा है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी रात्रि प्रहरियों का लंबित मानदेय अविलंब भुगतान कराया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और पीड़ित रात्रि प्रहरियों को राहत मिलती है।



