SSB ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत जमुई के पिपराखंड गांव में लगाया मानव चिकित्सा शिविर
खैरा,जमुई

जमुई।
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) की ए-समवाय 16वीं वाहिनी द्वारा जमुई जिले के पिपराखंड गांव में मानव चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर दिनांक 23 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया, जो 16वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री अनिल अशोक कुमार पटनायक के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य नक्सल प्रभावित एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में वाहिनी के चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार खंडवाल द्वारा स्थानीय ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया।

चिकित्सा शिविर के दौरान सर्दी-खांसी, बुखार, त्वचा रोग, रक्तचाप सहित अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इस शिविर में पिपराखंड, चेटुआडीह, करैया एवं सलेया गांव के महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल द्वारा किए गए इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की। एसएसबी द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे नागरिक कल्याण कार्यक्रमों से सुरक्षा बल और स्थानीय जनता के बीच आपसी सहयोग एवं विश्वास को और अधिक मजबूती मिलती है।




