भीम सिंह भवेश और निर्मला देवी को मिला पद्मश्री सम्मान, बिहार का गौरव बढ़ा
पटना

भीम सिंह भवेश और निर्मला देवी को पद्मश्री सम्मान
पटना: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इस वर्ष बिहार के दो विभूतियों को देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। भोजपुर के वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी डॉ. भीम सिंह भवेश को मुसहर जाति के उत्थान के लिए किए गए कार्यों के लिए और मुजफ्फरपुर की निर्मला देवी को सुजनी कला के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।
निर्मला देवी: सुजनी कला की संरक्षक
मुजफ्फरपुर की 75 वर्षीय निर्मला देवी भूसरा महिला विकास समिति की संस्थापक और अध्यक्ष हैं। उन्होंने 15 से अधिक गांवों की 1000 से ज्यादा महिलाओं को सुजनी कढ़ाई का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया। निर्मला देवी ने न केवल इस पारंपरिक कला को जीवित रखा, बल्कि इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बनाया।
डॉ. भीम सिंह भवेश: मुसहर जाति के मसीहा
डॉ. भीम सिंह भवेश ने भोजपुर जिले में मुसहर जाति के बच्चों की शिक्षा और उनके सामाजिक उत्थान के लिए अद्वितीय कार्य किए हैं। उनके प्रयासों से अब तक 8000 से अधिक बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराया गया है। उन्होंने एक बड़ी पुस्तकालय का निर्माण भी किया, जिससे कई बच्चों को राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) का लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने “मन की बात” कार्यक्रम में भी भीम सिंह भवेश के कार्यों का जिक्र किया था। उनके प्रयासों ने वंचित समाज में नई उम्मीद जगाई है।
गणतंत्र दिवस समारोह में होंगे शामिल
डॉ. भवेश को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए दिल्ली बुलाया गया है। उन्होंने कहा, “यह सम्मान मेरे जैसे सामान्य व्यक्ति के लिए बहुत बड़ी बात है। यह मेरी पूरी टीम और उन वंचित बच्चों की मेहनत का परिणाम है।”
इस उपलब्धि से बिहार में खुशी का माहौल है, और यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है।