
पटना, 7 मार्च: साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा 7 से 8 मार्च तक पटना के जेपी गंगा पथ पर अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग (पूर्वी क्षेत्र) का आयोजन किया जा रहा है। स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के सौजन्य से आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में मेजबान बिहार सहित उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, उड़ीसा और मणिपुर की महिला साइकिलिस्ट भाग ले रही हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 7 मार्च को दोपहर 1 बजे पटना क्षेत्र के आईजी जितेन्द्र राणा (आईपीएस) द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, साई पटना क्षेत्र के प्रभारी सोमेश्वर राव, बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह तथा बिहार राइफल संघ के सचिव कुमार त्रिपुरारी सिंह उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष जगजीवन सिंह करेंगे।
यह लीग तीन आयु वर्ग—वूमेन एलीट, वूमेन जूनियर और वूमेन सब-जूनियर—में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में इंडिविजुअल टाइम ट्रायल और मास स्टार्ट इवेंट शामिल हैं। विजेता महिला साइकिलिस्टों को कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
– डॉ. कौशल किशोर सिंह
सचिव, साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार




