
- स्वामी विवेकानंद जयंती पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आयोजित किया विशेष कार्यक्रम
चकाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चकाई नगर इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती जनजातीय क्षेत्र बालजोरी में बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी और मां सरस्वती जी के तेल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात परिषद गीत गाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनजातीय कार्य छात्र प्रमुख कृष्ण गोपाल राय ने की, जबकि संचालन कृष्ण कुमार गुप्ता ने किया।
महापुरुष को याद कर व्यक्त किए विचार
पूर्व प्रांत उपाध्यक्ष प्रोफेसर महेंद्र राय ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 12 जनवरी 1863 को जन्मे स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने 1893 में शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में भारत और हिंदुत्व का प्रतिनिधित्व कर देश का मान बढ़ाया। नगर अध्यक्ष शैलेंद्र झा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को प्रेरित किया और उनके विचार आज भी हमें ऊर्जा प्रदान करते हैं।
कृष्ण गोपाल राय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन युवाओं को उनके विचारों से प्रेरित होने का अवसर प्रदान करता है।
बाल्यकाल और गुरु-शिष्य परंपरा पर चर्चा
पीपीवाई कॉलेज के प्रधान लिपिक जनार्दन यादव ने कहा कि बचपन से ही नरेंद्रनाथ (स्वामी विवेकानंद) कुशाग्र बुद्धि के थे। नगर मंत्री दीपक चौधरी ने उनके परिवार की धार्मिक प्रवृत्ति का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी को रामायण और महाभारत सुनने का बहुत शौक था।
कृष्ण कुमार गुप्ता ने स्वामी विवेकानंद की गुरु भक्ति पर प्रकाश डालते हुए एक घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस कैंसर से पीड़ित थे, तब स्वामी जी ने उनकी सेवा के दौरान घृणा की भावना को त्याग कर समाज को एक प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति
इस अवसर पर नगर मंत्री दीपक चौधरी, नगर सह मंत्री निरंजन कुमार, कार्यकारिणी सदस्य दीपक ठाकुर, कौशल झा, प्रदीप वर्मा, अनिल वर्मा, मुन्ना बेसरा, नुनूलाल बास्के, बसंत वर्मा, धनु मरांडी, बोरिया मरांडी सहित सैकड़ों छात्र-छात्रा और ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के समापन के बाद बानभोज का आयोजन किया गया। धन्यवाद ज्ञापन दीपक ठाकुर ने किया।